चेटीचंड महोत्सव की शुरुआत क्रिकेट प्रतियोगिता से, मैत्री मैच व लीग मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दिखाया दम

बालोतरा। सिन्धी पंचायत संस्था बालोतरा द्वारा आगामी झूलेलाल जन्मोत्सव चेटीचंड पर्व के उपलक्ष्य में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन कर महोत्सव की शुरुआत की गई। प्रतियोगिता का आगाज समाज के वरिष्ठजनों के बीच खेले गए मैत्री मैच से हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मीडिया प्रभारी योगेश सोनी ने बताया कि मैत्री मैच में झूलेलाल सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर का मैच खेला। लक्ष्य का पीछा करते हुए हेमूकालानी स्टार्स ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मैच अपने नाम कर लिया।

इसके बाद लीग मैचों का शुभारंभ किया गया। पहले मुकाबले में टीम-ए और टीम-बी आमने-सामने हुईं। टीम-ए ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। टीम-बी ने बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 132 रन बनाए। टीम-बी के कप्तान करण धीरवानी ने नाबाद रहते हुए शानदार अर्धशतक जमाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम-ए 12 ओवर में 116 रन ही बना सकी और टीम-बी ने मुकाबला जीत लिया।

वहीं लीग के दूसरे मुकाबले में टीम-सी और टीम-डी के बीच रोमांचक मैच खेला गया। टीम-डी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। टीम-सी की ओर से ललित सोनी और जय लालवानी ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 12 ओवर में 197 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। इस दौरान टीम के कप्तान ललित सोनी ने नाबाद रहते हुए 113 रन की शानदार पारी खेली, जबकि जय लालवानी ने 65 रन बनाए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम-डी की टीम 12 ओवर में 131 रन ही बना सकी। इस प्रकार टीम-सी ने 65 रन से शानदार जीत दर्ज की। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर समाज अध्यक्ष टीकमदास खियानी, उपाध्यक्ष बाबूलाल सुखनानी, सचिव सुनील रामनानी, सह सचिव ओमप्रकाश आसुदानी, कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार लालवानी, नन्दलाल पहुवानी, सलाहकार गोविन्द कुमार सुखनानी, ऑडिटर पंकज कुमार सुखनानी, ऑडिटर महेश कुमार लालवानी, शोभराज लोहानी, मेला संयोजक लक्ष्मण नैनवानी व प्रकाश मनवानी, बाबा साहब गोविंदराम आहूजा, गोरधन मेघनानी, सरंक्षक वासुदेव बसरानी, सुनील लालवानी, पूनमचंद परमार, राजा संगतानी, घनश्याम बसरानी, आदि मौजूद रहे।