*श्री झूलेलाल सांई के पावन ‘चालिया साहेब महोत्सव’ का धूमधाम से हुआ समापन*

बालोतरा। शहर के नयापुरा स्थित झूलेलाल मंदिर प्रांगण में सोमवार शाम राष्ट्रीय सिंधी भाषा विकास परिषद एवं सिंधी पंचायत संस्था बालोतरा के संयुक्त तत्वावधान में भगवान झूलेलाल सांई के पावन ‘चालिया साहेब महोत्सव’ का समापन समारोह हर्षोल्लास एवं श्रद्धाभाव के साथ आयोजित किया गया। देर रात आरती एवं पल्लव के पश्चात भगवान झूलेलाल सांई की पवित्र ज्योत का विधिवत विसर्जन किया गया।

 

मीडिया प्रभारी योगेश सोनी ने बताया कि चालिया साहेब के 40 दिवसीय आयोजन के दौरान महिला मंडल की सदस्यों ने श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ प्रतिदिन भजन, कीर्तन एवं आरती में अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान भगवान झूलेलाल सांई के समक्ष अरदास कर सिंधी समाज में सुख-शांति एवं समृद्धि बनाए रखने तथा समाज को विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ाने की कामना की गई।

 

उन्होंने बताया कि चालिया साहेब के दौरान 40 दिनों तक मंदिर परिसर में प्रतिदिन धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन एवं आरती के साथ भगवान झूलेलाल सांई को भोग अर्पित किया गया तथा श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान बाहर से पधारे संत-महात्माओं ने भी अपने प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कार एवं आध्यात्मिक जीवन का संदेश दिया।

 

समापन समारोह के दौरान ज्योत विसर्जन के अवसर पर सिंधी शहनाई एवं सिंधी गीतों की धुनों पर महिलाओं ने नृत्य कर खुशी मनाई। वहीं पुरुषों ने डांडिया खेलकर समारोह की उमंग को और बढ़ाया। मंदिर परिसर भगवान झूलेलाल सांई के जयघोष से गूंज उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

 

समाज सचिव सुनील रामनानी ने बताया कि 40 दिवसीय चालिया साहेब महोत्सव को सफल बनाने में समाज की महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने पूरे आयोजन के दौरान नियमित रूप से धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता निभाते हुए अपनी सेवाएं दीं। समापन अवसर पर सिंधी पंचायत संस्था के अध्यक्ष टीकमदास खियानी सहित समाज के पदाधिकारी, महिला मंडल की सदस्याएं एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।