बालोतरा। शहर के सेठ शंभूमल सिन्धी पंचायत भवन में मंगलवार शाम को भारतीय सिन्धु सभा एवं सिन्धी पंचायत संस्था बालोतरा के संयुक्त तत्वावधान में अमर शहीद हेमू कालाणी के शहादत दिवस की पूर्व संध्या पर रंग भरो प्रतियोगिता व दीप दान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मीडिया प्रभारी प्रकाश मनवानी और योगेश सोनी ने संयुक्त रूप से बताया कि रंग भरो प्रतियोगिता में 5 वर्ष से 15 वर्ष तक की आयु वर्ग के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता को लेकर बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला और सभी प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। मनवानी ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों को पारितोषिक प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मकता के साथ-साथ देशभक्ति की भावना का विकास करना रहा।
शाम को अमर शहीद हेमू कालाणी मार्ग पट्टिका पर हेमू को श्रद्धांजलि अर्पित कर दीप दान किया गया।
इस अवसर पर संरक्षक वासुदेव बसरानी, अध्यक्ष टीकमदास खियानी, सचिव सुनील रामनानी, अजय कुमार चंदानी, सुनील लालवाणी, भारतीय सिन्धु सभा महिला इकाई अध्यक्षा उषा सुखनानी, कौशल्या खियानी, पिंकी सेवकानी, राखी सुखनानी, पम्मी हासवानी, महक आहूजा, ज्योति गंगवानी, दिव्या सोनी, आशा सेवकानी सहित समाज के प्रबुद्धजन मौजूद रहे।